22 फरवरी को फतेहपुर में लगेगा मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर



– 06, 10 और 13 फरवरी को तहसीलों में होंगे प्री-कैम्प, होगा पंजीकरण

फतेहपुर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार दिनांक 22 फरवरी 2026 को जनपद फतेहपुर में मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण फतेहपुर के तत्वावधान में जनपद न्यायालय के सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई।
बैठक की अध्यक्षता अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/एफटीसी (सीएडब्लू) कोर्ट संख्या–I फतेहपुर अशोक कुमार XII एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पलाश गांगुली ने की। बैठक में शिविर की तैयारियों एवं जनसामान्य को अधिकाधिक लाभ पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने बताया कि मेगा शिविर से पूर्व जनपद के विभिन्न स्थलों पर प्री-कैम्प आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत तहसील सदर एवं कलेक्ट्रेट फतेहपुर में 06 फरवरी, तहसील बिंदकी में 10 फरवरी तथा तहसील खागा में 13 फरवरी को प्री-कैम्प लगाए जाएंगे। इन प्री-कैम्पों का मुख्य उद्देश्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत निर्बल वर्ग, दिव्यांग, बच्चे, महिलाएं, निर्धन वर्ग, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के पात्र लाभार्थियों का चिन्हीकरण एवं पंजीकरण करना है। अधिकारियों ने बताया कि 22 फरवरी को आयोजित होने वाले मेगा शिविर में पंजीकृत लाभार्थियों को संबंधित योजनाओं का लाभ वितरित किया जाएगा। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्री-कैम्प में पहुंचकर अपना पंजीकरण कराएं और मेगा शिविर में उपस्थित होकर योजनाओं का लाभ उठाएं। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से जुड़े संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।